संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक ड्राइवर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक ड्राइवर की मौत


अमेठी, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी में शनिवार सुबह एक ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार (45) पुत्र निहाल सिंह निवासी ग्राम रुहेरी, थाना हाथरस गेट, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक नरेंद्र कुमार पुणे से माल लादकर ट्रक से त्रिशुंडी स्थित कोका-कोला फैक्टरी पहुंचे थे। फैक्टरी के बाहर ट्रक खड़ा करने के बाद वह मोबाइल पर बात करते हुए पानी की बोतल लेकर शौच के लिए जा रहे थे, तभी अचानक रास्ते में गिरकर बेहोश हो गए। साथी चालक ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना रामगंज प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जानकारी परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story