थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर ,09 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में बरसठी थाना क्षेत्र के भदराव गांव निवासी एक युवक की गुरुवार को थ्रेसर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। भदराव गांव निवासी मुलायम बनवासी (35) अपने ससुराल में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इन दिनों गेहूं कटाई के बाद मड़ाई का कार्य चल रहा है। वह गांव निवासी उपेंद्र सरोज के ट्रैक्टर पर रहकर मड़ाई का काम कर रहा था। गुरुवार को दोपहर वह पड़ोसी गांव चक मलाई में राकेश गौतम के खेत में गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इसी दौरान वह गेहूं का बोझ खोलकर थ्रेसर में डाल रहा था। तभी अचानक वह मशीन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक मूल रूप से बनकट (मोढ़) का निवासी था और विवाह के बाद से ही अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story