स्कूटी और बोलेरो की टक्कर में एक युवक की मौत
देवरिया, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गौनरी और अमारी गांव के बीच रविवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई की।
थानेदार राकेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान लाल बाबू यादव (35) पुत्र रामवृक्ष यादव निवासी ग्राम गोठा रसूलपुर, महुआडीह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक लाल बाबू यादव स्कूटी से किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर गौनरी और अमारी गांव के बीच सामने से आ रही बोलेरो से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थानेदार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है तथा बोलेरो और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

