युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी


कानपुर, 05 जुलाई (हि. स.)। रेलबाजार थाना क्षेत्र की कुम्हार मंडी में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान कुम्हार मंडी निवासी

प्रिंस शुक्ला के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार कुछ वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो जाने के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी प्रिंस के कंधों पर आ गई थी। वह एक निजी कंपनी में नौकरी कर अपनी मां शशि शुक्ला और बहन श्वेता शुक्ला का भरण-पोषण कर रहा था।

परिजनों ने बताया कि शनिवार को अवकाश होने के कारण प्रिंस पूरे दिन घर पर था। शाम करीब छह बजे वह अपने कमरे में गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर बहन ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने खिड़की से देखा तो प्रिंस दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रेलबाजार पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने रविवार को बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। अभी तक आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत या तहरीर दी जाती है, तो उसके आधार पर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story