कुएं में गिरने से युवक की मौत
फायर ब्रिगेड ने शव निकाला बाहर
हमीरपुर, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जरिया थाना क्षेत्र के पथखुरी गांव में रविवार को एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार रविवार को यूपी-112 और थाना जरिया पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पथखुरी में एक व्यक्ति कुएं में गिर गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो उसकी पहचान धर्मेंद्र उर्फ बम्बू (28) पुत्र महेश राजपूत निवासी पथखुरी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक शराब पीने का आदी था और संभवतः नशे की हालत में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह कुएं में जा गिरा। फायर ब्रिगेड की मदद से उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहांड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

