जमीन के विवाद में मारपीट के बाद युवक की मौत, पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में तेजीबाजार थाना क्षेत्र स्थित मैनुद्दीनपुर गांव में मंगलवार सुबह जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष से राकेश हरिजन (27) बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक के छोटे भाई मोनू गौतम ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे आशीष सिंह उसके भीटे की जमीन पर एंगल और तार लगाकर जबरन कब्जा कर रहे थे। इसका विरोध करने के लिए उसका बड़ा भाई राकेश मौके पर पहुंचा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान आशीष सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर राकेश की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर विजय चौधरी और थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घर पर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद राकेश की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आशीष सिंह, अंतिम सिंह, सुनील सिंह, मुनीराम गौतम और शिवशंकर गौतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आशीष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

