घर के अन्दर फंदे से लटका मिला युवक का शव
प्रयागराज, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के बादशाही मंडी मोहल्ले में मंगलवार दोपहर घर के अन्दर एक युवक का शव फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के बादशाही मण्डी निवासी ललित गौड़ (40) पुत्र स्वर्गीय गोपालजी प्राइवेट काम कर पत्नी पूजा और एक बेटी एवं बेटा का भरण-पोषण करता था। लेकिन आपसी विवाद की वजह से उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके मेजा में पांच वर्ष से रह रही है।
मंगलवार को ललित गौड़ का शव घर के अन्दर फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

