पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला नाबालिग युवक का शव
औरैया, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक नागालिग युवक का शव आम के पेड़ से फंदे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अजीतमल कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की पहचान सैदपुर निवासी 17 वर्षीय निर्मल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बेटा निर्मल बुधवार दोपहर मोटरसाइकिल से घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसी बीच गांव के काली मंदिर के पास बंबा किनारे स्थित एक आम के पेड़ पर उसका शव मफलर के सहारे लटका हुआ देखा गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि मृतक के पिता रवि शंकर शंखवार दिल्ली में नौकरी करते हैं। घर पर उसकी मां पूनम और दो छोटे भाई अन्नू (12) व देवा (10) रहते हैं। घटना के समय उसकी मां पास के गांव में किसी काम से गई हुई थीं। जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, परिवार में कोहराम मच गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

