गंगापुल पर आधे घंटे के भीतर युवक और महिला ने लगाई छलांग, नाविकों ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now
गंगापुल पर आधे घंटे के भीतर युवक और महिला ने लगाई छलांग, नाविकों ने बचाया


कानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के जाजमऊ गंगापुल पर रविवार सुबह करीब आधे घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक महिला ने गंगा में छलांग लगा दी। दोनों मामलों में पुल के नीचे मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए गंगा में उतरकर दोनों को बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उपचार के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पहली घटना में शिवकटरा के शंभू आटा चक्की निवासी टेनरीकर्मी अशोक कुमार ने नशे की हालत में गंगापुल से गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मौजूद नाविकों ने उसे डूबते देखा तो पानी में उतरकर बाहर निकाला। पुलिस ने अशोक का उपचार कराया। पूछताछ में उसने काम को लेकर परेशान होने की बात बताई।

इसके कुछ देर बाद पश्चिमी सेनपारा निवासी ममता ने भी इसी गंगापुल से गंगा में छलांग लगा दी। उनके पति अनीत कुमार के बताया कि अपनी पत्नी को ताबीज बंधवाने के लिए उन्नाव ले जा रहे थे। गंगापुल पर ममता ने चप्पल गिरने का बहाना बनाया और बाइक से उतरकर अचानक गंगा में छलांग लगा दी।

ममता ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थीं और पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। ममता का 15 वर्षीय बेटा भी है। गंगा में मौजूद नाविकों ने उन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नाविक छोटे लाल, पप्पू, चांद, जिब्बी और शब्बू ने बताया कि वे लंबे समय से गंगा किनारे नाव चलाते हैं और अब तक 500 से अधिक लोगों की जान बचा चुके हैं। नाविकों ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता या भत्ते की व्यवस्था किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि लोगों को बचाने के दौरान वे लगातार अपनी जान जोखिम में डालते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें नियमित सहायता नहीं मिलती।

थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story