किशोरी और युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
बांदा, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक 17 वर्षीय किशोरी और 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौत के मामलों से परिवारों में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
कमासिन थाना क्षेत्र के साड़ा सानी गांव निवासी राजबहादुर की 17 वर्षीय पुत्री शांति ने रात में फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह उसकी मां भूरी की नींद खुली तो बेटी चारपाई पर नहीं थी। तलाश करने पर वह कमरे के अंदर मृत अवस्था में मिली। मां के शोर मचाने पर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता राजबहादुर के अनुसार शांति चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी। शुक्रवार शाम उसने घर में खाना बनाया और परिवार के सभी लोगों को भोजन कराया था, जिसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। घटना के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं गिरवां थाना क्षेत्र के पतरहा गांव निवासी 18 वर्षीय तेजबहादुर पुत्र सुरेश का शव शनिवार सुबह पहाड़ स्थित एक मंदिर के समीप मिला। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार शाम मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली।
शनिवार सुबह चरवाहों ने युवक को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना गांव तथा परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बाबा जागेश्वर ने बताया कि तेजबहादुर नशे का आदी था और कुछ समय से बीमार भी चल रहा था, जिसका उपचार कराया जा रहा था। तेजबहादुर की मां की मृत्यु उसके बचपन में ही हो गई थी और उसका पालन-पोषण दादा-दादी ने किया था। अपर पुलिस पुलिस दोनों मामलों में जांच-पड़ताल कर रही है। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या के मामले हैं। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

