धान के खेत में मिला युवती का कंकाल, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
धान के खेत में मिला युवती का कंकाल, जांच में जुटी पुलिस


बाराबंकी, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में करीब एक माह से लापता 18 वर्षीय युवती का कंकाल 12 नवंबर की देर शाम फतेहुल्लापुर गांव में अमर सिंह के धान के खेत में मिला। शव के अवशेष अलग-अलग टुकड़ों में थे। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर कंकाल को अपनी लापता बेटी का बताया है। हालांकि पुलिस ने अभी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसके लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।

भैसुरिया मजरे सुल्तानपुर निवासी 18 वर्षीय युवती बीती 16 अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पिता ने 17 अक्टूबर को रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार देर शाम फतेहुल्लापुर गांव के धान के खेत में कुछ अवशेष दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो खेत में अलग-अलग स्थानों पर मानव कंकाल के टुकड़े बरामद हुए।

मौके पर पहुंचे युवती के पिता ने काले रंग के लोअर, अन्य कपड़ों और चप्पलों के आधार पर अवशेषों को अपनी बेटी का बताया। पिता ने गांव के ही दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई कि उनकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमों का गठन किया है। क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और रामनगर कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कंकाल के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि जंगली जानवर अवशेषों को अलग-अलग स्थानों तक खींचकर ले गए हों। हालांकि हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की अभी ​पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम और डीएनए रिपोर्ट के बाद ही मामले की सही जानकारी हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story