अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौत, भाई और चाची गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौत, भाई और चाची गंभीर


मथुरा, 23 सितम्बर (हि.स.)। थाना फरह क्षेत्र अंतर्गत गांव पौरी के पास बुधवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई और चाची गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने आगरा-दिल्ली हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की।

गांव पौरी निवासी भाई-बहन अपनी चाची के साथ बाइक से रैपुरा जाट बाजार जा रहे थे। बुधवार दोपहर वे मथुरा से आगरा जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और उस पर सवार तीनों लोग नीचे गिर गए। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक पर बैठी युवती सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया युवती के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायल भाई और चाची को संभाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही फरह थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। युवती की मौत से दुखी ग्रामीणों ने आगरा-दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर यातायात सामान्य करने की कोशिश की। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story