सीरियल देखने के विवाद में युवती 16वीं मंजिल की बालकनी से लटकी, सोसाइटी में हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
नोएडा, 28 जुलाई (हि.स.)। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र स्थित ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में एक युवती के 16वीं मंजिल की बालकनी से बाहर की ओर लटकने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो आज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने मंगलवार कओ बताया कि पूछताछ में सामने आया कि युवती का अपने साथ रहने वाले युवक से टीवी पर प्रसारित हो रहे एक सीरियल को लेकर विवाद हो गया था। बहस बढ़ने पर युवती गुस्से में बालकनी की रेलिंग के बाहर जा खड़ी हुई। हालांकि कुछ देर बाद लोगों के समझाने पर वह सुरक्षित अंदर लौट आई।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी के एच टावर की 16वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट का है। इस फ्लैट में मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी एक युवक और युवती किराये पर रह रहे हैं। दोपहर करीब तीन बजे दोनों टीवी पर एक सीरियल देख रहे थे। इसी दौरान सीरियल को लेकर दोनों के बीच अलग-अलग राय होने पर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में गरिमा बालकनी में पहुंचकर बाहर की ओर खड़ी हो गई। युवती को इस हालत में देखकर फ्लैट में मौजूद युवक और आसपास के लोगों के होश उड़ गए। सभी ने उसे शांत रहने और अंदर आने के लिए समझाया। कुछ देर बाद युवती ने खुद ही बालकनी के भीतर आकर स्थिति सामान्य कर दी। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई।
इसी बीच सामने की इमारत में रहने वाली एक महिला ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों से पूछताछ की। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का पाया गया है। युवक और युवती से बातचीत कर उन्हें भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की सख्त हिदायत दी गई है। यदि आगे इस प्रकार की हरकत दोहराई गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

