कानपुर : युवती ने फांसी लगाकर दी जान, यूपी पुलिस भर्ती में चयन न होने से थी परेशान
कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में शिवराजपुर थाना क्षेत्र के तरी दुर्गापुर गांव में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, हरविता (24) एक निजी विद्यालय में पढ़ाती थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। हाल ही में घोषित यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के परिणाम में उसका चयन नहीं हो सका था। परिजनों का कहना है कि इस बात काे लेकर बेटी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। शुक्रवार रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थी। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर अनहोनी की आशंका हुई। रोशनदान से झांककर देखा तो बेटी फांसी के फंदे से लटक रही थी। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

