युवक का शव नाले में मिला, भाई के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
युवक का शव नाले में मिला, भाई के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप


युवक का शव नाले में मिला, भाई के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप


गाजियाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के शनि चौक पर नाले में युवक का शव पड़ा मिला। परिजनों ने अंतरजातीय विवाह करने वाले भाई के ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। मंगलवार को तीन सदस्यीय पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का मेडिकल परीक्षण किया। उधर, आरोपी मकान पर ताला लगाकर भाग गए हैं। आक्रोशित परिजनों ने गिरफ्तारी न होने पर आरोपियों के घर के बाहर धरना शुरू कर दिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने मंगलवार काे बताया कि क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के लोगों ने शनि चौक के नजदीक बाबा बैंक्वेट हाल के सामने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। मृतक की शिनाख्त अजीत कुमार (23) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी गली नंबर एक सुदामापुरी के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया।

मृतक के भाई गजेंद्र के मुताबिक उन्होंने पड़ोस में रहने वाली युवती से वर्ष 2018 में अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि गजेंद्र की पत्नी के पिता और भाइयों ने परिवार के खिलाफ केस दर्ज कराया जो कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप है कि 22 जुलाई 2026 को गजेंद्र और उनकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद उनकी पत्नी के पिता और भाई घर पहुंचे और परिजनों को हत्या की धमकी दी थी। गजेंद्र का आरोप है कि उसकी ससुराल वालों ने उनके भाई अजीत की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया। शव के गले और सिर में चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है। एसीपी ने बताया कि चिकित्सकों के तीन सदस्यी पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। साथ ही वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने भी जांच पड़ताल की है।

पीड़ित गजेंद्र ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। इसका लाभ उठाकर आरोपी मकान बंद कर भाग गए हैं। गजेंद्र और उनके परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आरोपियों के बंद मकान के सामने धरना दिया।

एसीपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नाले में गिरने से युवक की मौत हुई है, शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। परिजनों ने मृतक के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story