शादी समारोह में पहुंचे युवक का शव मिलने से सनसनी
अमेठी, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे भिखारी सिंह मजरे समसेरियन गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे भिखारी सिंह निवासी सुरेश की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए शुभम अपने पिता शिवनाथ और भाई शिवम के साथ मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पूरे भिखारी सिंह मजरे समसेरियन गांव गया था। सोमवार की रात करीब 10:50 पर वह कहीं चला गया। लगभग 11 बजे फोन पर उसने बताया कि वह एक दोस्त से मिलने गया है और जल्द वापस आएगा। लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। मंगलवार को उसका शव सड़क किनारे मिला। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि बेटे के सिर और पीठ पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर रगड़ के निशान पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

