पोखरे में मिला युवक का शव, मछली पकड़ने गया था युवक

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार मोहल्ले में स्थित खास हौज पोखरे में रविवार शाम एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान मीरमस्त मोहल्ला निवासी सलमान (28) पुत्र शाह मोहम्मद के रूप में हुई। पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिवार के लाेगाें ने बताया कि सलमान को मछली पकड़ने का शौक था। वह रविवार सुबह मछली पकड़ने के लिए खास हौज पोखरे पर गया था। शाम करीब चार बजे लोगों ने पोखरे के पानी में उसका शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुरानी बाजार पुलिस को जानकारी दी गई।

सूचना पर शहर कोतवाल अनीता सिंह और पुरानी बाजार चौकी प्रभारी संतोष कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोतवाल अनीता सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सलमान अक्सर पोखरे पर मछली पकड़ने आया करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story