युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now

सुलतानपुर, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के इटकौली गांव में बीती रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

मृतक की पहचान पलटू उर्फ राम दिनेश (35) पुत्र राम लखन कोरी के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था और गांव में अकेला रहता था। उसके पिता अलग रहते हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी पत्नी विरजा उसे छोड़कर चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से राम दिनेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और उसने शराब पीना भी शुरू कर दिया था। वह लंबे समय से तनाव और अवसाद में था।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा की कार्रवाई की।

जयसिंहपुर के सीओ सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

राम दिनेश अपने तीन भाइयों में बीच का था। उसकी मां की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है, और बड़े भाई का भी निधन हो गया है। दिव्यांग पिता अब अपने बेटे के खोने के सदमे में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story