गर्लफ्रेंड की शादी की शर्त से परेशान युवक ने गोमती नदी में लगाई थी छलांग, तीसरे दिन मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
गर्लफ्रेंड की शादी की शर्त से परेशान युवक ने गोमती नदी में लगाई थी छलांग, तीसरे दिन मिला शव


जौनपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गोमती नदी में छलांग लगाने वाले 20 वर्षीय सुंदरम मौर्य का शव बुधवार सुबह तीसरे दिन बरामद हुआ। जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव के पास नदी किनारे बेटे का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।घटना के दिन से पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव निवासी रहित मौर्य के तीन बेटों और एक बेटी में सुंदरम सबसे छोटा था। वह बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। रविवार रात करीब नौ बजे वह घर से निकला था। रात करीब 11 बजे वह शहर के शाही पुल पर पहुंचा। वहां से उसने अपने दोस्त प्रवीण मौर्य को वीडियो कॉल की और कहा कि वह गोमती नदी में कूदने जा रहा है। दोस्त को घरवालों को सूचना देने की बात कहकर उसने फोन काट दिया। सूचना मिलते ही परिजन शाही पुल पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।

मृतक के पिता रहित मौर्य ने बताया कि सुंदरम का एक युवती से करीब एक साल से प्रेम संबंध था। उनका आरोप है कि युवती उस पर पैसा कमाने के लिए दबाव बनाती थी। उसे प्रताड़ित करती थी। मृतक के भाई शिवम मौर्य ने भी यह आरोप लगाया कि नैना नाम की युवती ने सुंदरम से कहा था कि यदि उससे शादी करनी है तो 50 हजार रुपये कमाकर दिखाने होंगे। सुंदरम कई दिनों से काम दिलाने के लिए उनसे और पिता से आग्रह कर रहा था। वह लगातार रोजगार की तलाश में था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में चौकी इंचार्ज सरायपोख्ता आलोक त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने अभीतक कोई तहरीर नहीं दी है अगर मिलता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी ।पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। सुंदरम और लड़की के प्रेम प्रसंग की बात की जांच पड़ताल की जा रही है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779097 Articles

Share this story