फांसी के फंदे से लटका मिला युवक का शव
बागपत, 09 अगस्त (हि.स.)। बागपत शहर के देशराज मोहल्ला में रविवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है। इलाकाई लाेगाें के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय नीरज कश्यप की शादी करीब तीन साल पहले गोरिपुर जवाहर नगर निवासी अंजलि से हुई थी। दोनों की दो साल की एक बेटी है, जबकि अंजलि इस समय आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद अंजलि मायके चली गई थी।
परिजनों के मुताबिक, नीरज ने घटना से पहले पत्नी से फोन पर बात भी की थी। रविवार को उसने घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में फांसी लगा ली। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी बागपत मनोज कुमार चहल का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

