अम्मा कहकर बुलाने वाले युवक ने ही की थी वृद्ध महिला की हत्या, गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अम्मा कहकर बुलाने वाले युवक ने ही की थी वृद्ध महिला की हत्या, गिरफ्तार


मथुरा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। थाना कोतवाली क्षेत्र के चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर की रात हुई वृद्ध महिला की निर्मम हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने शुक्रवार दोपहर खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक 19 वर्षीय भरत को गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी मृतका के घर आता-जाता था और उन्हें अम्मा कहकर बुलाता था।

पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार दोपहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत पुत्र सोनू (निवासी मकान नंबर 443, चूना कंकड़ वाली गली, थाना कोतवाली, मथुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला के घर अक्सर जाता था। नवरात्रि के दौरान वह अपनी बहन के साथ महिला के घर कन्या-लांगुर भोजन करने गया था, तभी उसकी नजर घर में रखी तिजोरी और जेवरों पर पड़ गई, जिससे उसके मन में चोरी का लालच आ गया। वारदात को अंजाम देने से पहले उसने गूगल पर बेहोशी के इंजेक्शन और तमंचे के बारे में भी जानकारी खोजी थी।

24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे आरोपी महिला के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। महिला के बाहर आने पर उसने छत पर कपड़ा गिरने का बहाना बनाया। जब महिला चाबी लेकर उसे ऊपर ले जाने लगीं, तो आरोपी ने सीढ़ियों पर पड़ी ईंट से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह महिला के पहने हुए जेवर और कमरे में रखे आभूषण लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 कंगन, 11 चेन, 31 अंगूठियां, 2 लॉकेट, 27 कान के टॉप्स, 1 नोज पिन, 1 रुद्राक्ष मय पीली धातु और 3 मिश्रित धातु की अंगूठी, एक मोटो जी-57 पावर मोबाइल फोन (आसमानी रंग), 1 आधार कार्ड, हत्या के समय पहने हुए कपड़े और 16,600 रुपये नकद बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769672 Articles

Share this story