घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखुआ चौकी अंतर्गत सोमवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक का शव घर की दूसरी मंजिल पर नायलॉन की रस्सी के सहारे छत के कुंडे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान ओमकार यादव (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के नशे का आदी होने की जानकारी मिली है। आशंका है कि किसी बात से क्षुब्ध होकर उसने नशे की हालत में यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story