बिजली का काम करते समय करंट की चपेट में आया युवक, खंभे से गिरकर मौत

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव में रविवार को बिजली का काम करते समय करंट की चपेट में आने से युवक खंभे से नीचे गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बड़ागांव निवासी सोनू गौतम (25) के रूप में हुई है। सोनू मजदूरी और बिजली का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को वह बिजली का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह खंभे से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सोनू की मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सोनू परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story