अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार


कानपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को झकरकटी पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद वाहन का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना झकरकटी पुल से रामादेवी की ओर जाने वाले मार्ग की है। युवक सड़क पार कर रहा था या पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे में उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद चालक ने घायल युवक को देखने तक की जहमत नहीं उठाई और मौके से फरार हो गया। सड़क पर शव पड़ा देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। चौकी इंचार्ज नीरज पाठक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, ताकि हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774734 Articles

Share this story