युवक ने ट्यूबवेल की अटारी पर फांसी लगा की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
युवक ने ट्यूबवेल की अटारी पर फांसी लगा की आत्महत्या


2.5 लाख रुपये में गिरवी रखी थी पांच बीघा जमीन

हमीरपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा क्षेत्र के इचौली गांव में मंगलवार को आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने रिश्तेदार के ट्यूबवेल की अटारी में रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पत्नी व चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खम्हरिया गांव निवासी नत्थू के पुत्र वीरेंद्र (28) के पास सात बीघा जमीन थी, जिसमें से पांच बीघा जमीन उसने 2.5 लाख रुपये में गिरवी रखी थी। इचौली स्थित स्टेट बैंक से एक लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड ऋण भी लिया हुआ था। लगातार बढ़ रही आर्थिक तंगी के कारण पूरा परिवार भारी संकट से जूझ रहा था, और स्थिति इतनी विकट थी कि घर का खर्च चलाने के लिए वीरेंद्र की पत्नी को गांव में मजदूरी करनी पड़ रही थी। वीरेंद्र अपने पीछे पत्नी सुनीता, दो बेटे रितिक (11) व शिवांश (3) तथा दो बेटियां चाहत (9) व क्रांति (5) को छोड़ गया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब ट्यूबवेल के मालिक महाबली वर्मा के बेटे हिमांशु ट्यूबवेल के बाहर बंधे जानवरों को भूसा डालने पहुंचे। उन्होंने देखा कि ट्यूबवेल की अटारी में वीरेंद्र का शव लटका हुआ है। महाबली वर्मा ने बताया कि ट्यूबवेल में अमूमन ताला लगा रहता है, लेकिन मृतक उनकी बुआ का नाती होने के कारण वहां अक्सर आता-जाता रहता था। हिमांशु ने तत्काल इसकी सूचना अपने पिता और पुलिस को दी। सीओ राजकुमार पांडेय ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775081 Articles

Share this story