सुलतानपुर : तालाब में मिला किशोर का शव, हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
सुलतानपुर : तालाब में मिला किशोर का शव, हत्या का आरोप


सुलतानपुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के नारायनपुर मिश्रौली स्थित मोहना तालाब में रविवार शाम एक किशोर का शव उतराता मिला। मृतक कक्षा नौ का छात्र था। ग्रामीणों ने शव पर चोट के कई निशान देखे, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान लंभुआ थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी अर्पित गुप्ता (14) पुत्र श्रीनाथ गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अर्पित अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मां लंभुआ ब्लॉक गेट के पास दाना भूनकर बेचती है और अर्पित स्कूल से लौटने के बाद उनके काम में मदद करता था। उसके पिता श्रीनाथ खेती-बाड़ी और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

रविवार शाम को ग्रामीणों ने तालाब में शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। लंभुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने शव की स्थिति को देखते हुए इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला बताया है। वहीं घटना के बाद से परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर ने रविवार शाम को बताया कि थाना लम्भुआ पुलिस को यह सूचना मिली कि एक चौदह वर्ष के बालक की डूबने से मौत हो गई है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस फोर्स घटना स्थल पर पहुंची तथा जाँच में यह पाया कि बच्चे के कपड़े व चप्पल तालाब के बाहर थे, जिससे प्रथम दृष्ट्या यह डूबने का मामला प्रतीत होता है। जाँच में यह भी पाया कि बालक अपने किसी परिचित के घर नारायणपुर गया हुआ था। वहाँ से वह खाना खाकर तक़रीबन 12 बजे निकला है, तब से यह नहीं मिल रहा था। शव का पंचनामा किया जा रहा है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story