चुनावी बिसात बिछा गए मुख्यमंत्री योगी, एमएलसी चुनाव के बहाने मिशन-2027 का शंखनाद

WhatsApp Channel Join Now
चुनावी बिसात बिछा गए मुख्यमंत्री योगी, एमएलसी चुनाव के बहाने मिशन-2027 का शंखनाद


- शिक्षक-स्नातक चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को धार देने का संदेश

- सपा-कांग्रेस के शासनकाल की याद दिलाई, भाजपा सरकार के विकास और सुशासन को बनाया चुनावी विमर्श का आधार

मीरजापुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी के दरबार में विजय की कामना के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राजनीतिक लक्ष्य भी साध गए। शारदीय नवरात्र की पंचमी पर विंध्याचल पहुंचे मुख्यमंत्री ने शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव को प्रदेश के विकास और विरासत की यात्रा आगे बढ़ाने का अवसर बताया, लेकिन उनके संबोधन का संदेश इससे कहीं आगे तक गया। कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारी सौंपने, संगठन की ताकत बूथ और मतदाताओं तक पहुंचाने तथा भाजपा की बदली हुई राजनीतिक तस्वीर को जनता के बीच ले जाने के आह्वान के जरिए उन्होंने मिशन-2027 की जमीन मजबूत करने का संकेत दिया। सपा-कांग्रेस के शासनकाल की याद दिलाकर उन्होंने भाजपा के विकास और सुशासन के दावे को भी चुनावी विमर्श के केंद्र में रखा।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की पहचान माफिया, गुंडागर्दी और अव्यवस्था से होती थी, जबकि अब उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बुंदेलखंड से पूर्वांचल तक विकास की बदली तस्वीर का उल्लेख करते हुए इसे और बेहतर बनाने में जनभागीदारी का आह्वान किया। शिक्षक-स्नातक चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाने की अपील के साथ उन्होंने साफ किया कि संगठन की चुनावी सफलता ही आगे की राजनीतिक यात्रा को मजबूती देगी।

गांव से विद्यालय तक कार्यकर्ताओं की तैनाती, मतदाताओं से सीधा संपर्क

एमएलसी चुनाव को भाजपा ने केवल दो सीटों की लड़ाई तक सीमित नहीं रखा है। पार्टी की रणनीति में इसे विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की सक्रियता और जनसमर्थन परखने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 11 गांवों में 2-2 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 11 विद्यालयों में कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। स्नातक क्षेत्र के कार्यकर्ता स्नातकों और शिक्षक क्षेत्र के कार्यकर्ता शिक्षकों से संपर्क कर समर्थन जुटाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर अधिकाधिक मतदाताओं तक पहुंचने पर जोर दिया। उनका संदेश स्पष्ट था कि संगठन के पास कार्यकर्ताओं की कमी नहीं, जरूरत उन्हें जिम्मेदारी देकर चुनावी अभियान में प्रभावी ढंग से उतारने की है। युवा और जागरूक मतदाताओं का समर्थन जुटाने के साथ पार्टी को अपनी विजय यात्रा का संदेश प्रदेशभर में पहुंचाना है। यह रणनीति 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की चुनावी तैयारी को गति देने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

मंच पर सामाजिक समीकरणों के साथ एकजुटता का संदेश

शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव के उम्मीदवारों के समर्थन में कालीखोह मार्ग पर आयोजित जनसभा के मंच पर विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमियों के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी राजनीतिक रूप से अहम रही। मंच ने भाजपा की सामाजिक पहुंच, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा करने वाले जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के जरिए पार्टी ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों को साथ लेकर चलने की अपनी रणनीति प्रदर्शित की। आगामी चुनावों के मद्देनजर सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक समन्वय को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सहज अंदाज में योगी, जनप्रतिनिधियों से करते रहे गुफ़्तगू

राजनीतिक संदेशों और चुनावी अपीलों के बीच मुख्यमंत्री का सहज अंदाज भी दिखा। मंच पर पहुंचने के बाद वह अगल-बगल बैठे जनप्रतिनिधियों से बीच-बीच में बातचीत करते रहे। कार्यक्रम की औपचारिकताओं के बीच उनकी यह गुफ्तगू मंच पर आत्मीयता का दृश्य प्रस्तुत करती रही।

सत्ता साधन, अंत्योदय लक्ष्य: नंदी

जनपद प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साधन है, लक्ष्य नहीं। सत्ता के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार करने और पूर्वजों व महापुरुषों के सपनों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को आगे बढ़ाने के लिए जनभागीदारी को जरूरी बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761662 Articles

Share this story