योगी सरकार की पहल से आत्मनिर्भर बन रहे घुमंतू समुदायों के युवा

WhatsApp Channel Join Now
योगी सरकार की पहल से आत्मनिर्भर बन रहे घुमंतू समुदायों के युवा


लखनऊ, 29 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लखनऊ के भागीदारी भवन में आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम ने विमुक्त, घुमंतू और अर्द्धघुमंतू समुदायों के युवाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का नया मार्ग दिखाया। कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर युवाओं को रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया।

लोगों को मुख्यधारा से जोड़ रही योगी सरकार: असीम अरुण

इस दौरान राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़कर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए विभिन्न स्वरोजगार और उद्यमिता योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे समूह बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपना व्यवसाय शुरू करें। इससे आर्थिक मजबूती के साथ सामाजिक सम्मान भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उद्यमिता ही आत्मनिर्भरता और समृद्धि का सबसे प्रभावी माध्यम है।

हर सप्ताह आयोजित किया जाएगा प्रशिक्षण कार्यक्रम

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएम अजय-जीआईए), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, सीएम युवा योजना, ओडीओपी, विश्वकर्मा सर्वसम्मान योजना, स्टैंड-अप इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वन-टू-वन काउंसलिंग सत्र रहा, जिसमें युवाओं को उनकी रुचि और जरूरत के अनुसार व्यक्तिगत सलाह दी गई। उप निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम हर सप्ताह आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story