मुरादाबाद : 15 से 21 जून तक मनेगा योग सप्ताह
रामगंगा तट स्थित बलदेव नेचुरोपैथी केंद्र से 15 जून को होगा योग सप्ताह का शुभारंभ, 21 को कंपनी बाग में जुटेंगे हजारों साधक
मुरादाबाद, 09 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर मुरादाबाद जिले में आयुष विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जिले में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशन में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार योग दिवस की थीम 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) तय की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशन में योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को रामगंगा नदी के किनारे स्थित बलदेव नेचुरोपैथी केंद्र से होगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य और विशाल कार्यक्रम कंपनी बाग में आयोजित किया जाएगा। इस पूरे सप्ताह में जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों और गांवों में योग शिविर लगाकर लोगों को योग के विभिन्न आसनों से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक को पूरे सप्ताह आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा इस बार सरकार द्वारा मिस्ड कॉल अभियान के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने का भी एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योग दिवस की बैठक में अधिकारियों और योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने लिया वाई ब्रेक :
योग दिवस की तैयारी के लिए मंगलवार को आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम सिटी श्री अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों और योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने वाई ब्रेक (योग ब्रेक) लिया। वाई ब्रेक आयुष मंत्रालय द्वारा कार्यस्थल पर 5 मिनट का योगाभ्यास है जिसका उद्देश्य तनाव मुक्त और ध्यान केंद्रित करने में मदद करना है।
प्लास्टिक मुक्त आयोजन पर रहेगा विशेष जोर :
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं विभिन्न योग से जुड़ी संस्थाओं के साथ बैठक के दौरान निर्देश दिए कि 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न योग शिविरों के दौरान प्लास्टिक के प्रयोग को पूर्णत: प्रतिबंधित रखा जाए साथ ही लोगों को प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले नुकसान के बारे में भी जागरूक किया जाए ताकि उनमें व्यवहारिक परिवर्तन हो और स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक सिंगल उसे प्लास्टिक के प्रयोग में कमी लाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

