पीबीआरपी अकादमी में योग शिविर आयोजित, छात्रों को दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
औरैया, 16 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू हो गयीं। शहर के शिक्षण संस्थान पीबीआरपी अकादमी में 14 दिवसीय ऑनलाइन योग अभ्यास श्रृंखला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार को योग, स्वास्थ्य और प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
यह आयोजन जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. सुधांशु दीक्षित, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार तथा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय प्रभारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन में कार्यक्रम हुआ। डीपीएम गौरव पांडे की देखरेख में योग वेलनेस सेंटर की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने विद्यालय में योगाभ्यास कराते हुए छात्रों और शिक्षकों को दैनिक जीवनचर्या में सही ढंग से उठने, बैठने, खड़े होने और शयन की उचित स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तनावमुक्त जीवन और स्मरण शक्ति बढ़ाने के उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका रवीना ने पश्चिमोत्तासन, उष्ट्रासन सहित विभिन्न योगासनों के प्रति जिज्ञासा व्यक्त की। इस पर प्रशिक्षक द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही षट्कर्म के महत्व पर भी विशेष चर्चा की गई। शिविर में ध्यान का अभ्यास कराकर मानसिक एकाग्रता एवं तनाव नियंत्रण के उपाय बताए गए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य निवेश अग्रवाल सहित विद्यालय के करीब 12 शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

