उप्र के कानपुर में 21 जून को ग्रीन पार्क में होगा सामूहिक योगाभ्यास : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
उप्र के कानपुर में 21 जून को ग्रीन पार्क में होगा सामूहिक योगाभ्यास : जिलाधिकारी


कानपुर, 20 जून (हि.स.)। स्वस्थ आयु के लिए योग थीम के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को जनपद भर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम प्रातः छह बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान होंगे। योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने और अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी शनिवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने दी।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर शनिवार को सरसैया घाट पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है।

ग्रीन पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के लिए पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रीन पार्क के अलावा जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा नगर निगम द्वारा चिन्हित पार्कों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भीतरगांव के प्राचीन मंदिर परिसर और बिठूर स्थित नानाराव पार्क सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर भी योगाभ्यास कराया जाएगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग समेत विभिन्न सामाजिक एवं योग संस्थाएं कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। आयुष विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास कराएंगे तथा लोगों को नियमित योग के प्रति जागरूक करेंगे।

जिलाधिकारी ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपदवासी अपनी योग संबंधी फोटो और वीडियो https://kavach.upayush.in/Citizen/UploadImage पर अपलोड कर सकते हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कप्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story