कार्तिक पूर्णिमा से पहले यमुना तट पर चलाया सफाई अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कार्तिक पूर्णिमा से पहले यमुना तट पर चलाया सफाई अभियान


कार्तिक पूर्णिमा से पहले यमुना तट पर चलाया सफाई अभियान


172वें चरण में पॉलीथिन, प्लास्टिक और अपशिष्ट हटाकर स्नान स्थल को किया साफ, श्रद्धालुओं को मिलेगी सहूलियत

औरैया, 22 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से रविवार को यमुना तट पर 172वें चरण का सफाई अभियान चलाया गया। संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में सुबह आठ बजे शुरू हुए अभियान में सदस्यों ने स्नान स्थल और प्रतीक्षालय (बरामदे) से पॉलीथिन, प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट एकत्रित कर हटाया। सफाई अभियान का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि संगठन की ओर से लगभग एक दशक से जनहित में श्मशान घाटों, धार्मिक स्थलों, प्राचीन विश्राम स्थलों और पिंडदान स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा पर औरैया शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों में स्नान करना पुण्यदायी माना जाता है। इस अवसर पर भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना भी की जाती है।

उन्होंने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर और जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। अभियान के समापन पर मौजूद लोगों ने यमुना तट को पॉलीथिन और प्लास्टिक मुक्त बनाने, स्वच्छ एवं निर्मल रखने तथा आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस दौरान बैंक से सेवानिवृत्त तेज बहादुर वर्मा, शेखर गुप्ता, अनिल कुमार सोनी, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, विनोद कुमार पोरवाल, शिखर बिश्नोई (लव), रामचंद्र सोनी, कुलदीप बाजपेई, अजय कुमार, रज्जन और रामप्रसाद सहित अन्य यमुना मैया के सेवादार मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781239 Articles

Share this story