अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी साक्षी जौहरी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

WhatsApp Channel Join Now


-विश्वनाथ धाम की भव्यता देख आह्लादित, प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

वाराणसी, 17 मार्च (हि.स.)। महारानी लक्ष्मीबाई अवार्ड 2021 से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी साक्षी जौहरी ने शुक्रवार को काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के स्वर्णिम दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन के बाद साक्षी ने काशी विश्वनाथ धाम में भी भ्रमण किया। धाम की सुंदरता और भव्यता देख आह्लादित साक्षी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

मेरठ जनपद की साक्षी ने बताया कि अपने माता-पिता के साथ बचपन में काशी आई थी। जब से सुना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वनाथ धाम को भव्य बनवा दिया है, तो दर्शन और धाम को घूमने की इच्छा जागृत हुई। फिर अपनी मां के साथ बाबा के दरबार में दर्शन के लिए आई। बाबा धाम का बदला स्वरूप देखकर बहुत खुशी हुई है।

साक्षी ने बताया कि दरबार में दर्शन-पूजन के पहले बाबा कालभैरव और महामृत्युंजय मंदिर में दर्शन पूजन के बाद गंगा आरती भी देखी। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर वुशु के कई पदक जीत चुकी साक्षी ने बताया कि वर्तमान में केंद्र सरकार ने खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए बहुत काम किया है लेकिन अभी बहुत सी सुविधाएं खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रही। सरकार अगर वुशु खेल पर ध्यान दे तो वुशु के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश के लिए कई पदक जीतकर दे सकते हैं। प्रदेश में वुशु खेल के कई अच्छे उदयमान खिलाड़ी हैं, जो सुविधाओं और सहयोग के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।

समाजसेवी केशव जालान ने साक्षी को किया सम्मानित: काशी आई अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी साक्षी को नगर के समाजसेवी और उद्यमी केशव जालान ने अपने बांसफटक स्थित प्रतिष्ठान में अंगवस्त्रम और उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान केशव जालान ने कहा कि अपने देश में नारी शक्ति सदैव पूजित रही हैं। आज देश की नारियों ने पुन: अपनी शक्ति को दिखाकर प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त की है। देश की बेटियां सरहद के अलावा विदेशों में भी अपनी शक्ति का लोहा मनवा रही हैं। साक्षी जौहरी के खेल वुशु के बारे जान कर आश्चर्य हुआ कि बेटियां भी इतना सशक्त मार्शल आर्ट खेलती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Share this story