ज्ञान प्रकाश सिंह की श्रीराम कथा में विश्व रिकॉर्ड, 11 करोड़ एक बार लिखा गया राम नाम

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान प्रकाश सिंह की श्रीराम कथा में विश्व रिकॉर्ड, 11 करोड़ एक बार लिखा गया राम नाम


ज्ञान प्रकाश सिंह की श्रीराम कथा में विश्व रिकॉर्ड, 11 करोड़ एक बार लिखा गया राम नाम


-इंडिया बुक और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि, आचार्य शांतनु महाराज की प्रेरणा से चला था अभियान

जौनपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान राम नाम लेखन का अनूठा विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में वरिष्ठ भाजपा नेता, उद्योगपति एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से 11 करोड़ एक बार राम नाम का लेखन किया। इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इससे जौनपुर को धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में नई पहचान मिली है।

प्रख्यात कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज की प्रेरणा और मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान में बड़ी संख्या में रामभक्तों ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था और समर्पण प्रकट करते हुए राम नाम लेखन का निर्धारित लक्ष्य पूरा किया। शुक्रवार को इस उपलब्धि के लिए दोनों रिकॉर्ड संस्थाओं के प्रतिनिधि संजय भोला ने वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह को प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलने पर कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर इस उपलब्धि का स्वागत किया।

इस अवसर पर ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि यह रिकॉर्ड किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि रामभक्तों की सामूहिक श्रद्धा, विश्वास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभियान में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आचार्य शांतनु जी महाराज का अभिनंदन करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान राम नाम लेखन अभियान ने धार्मिक आयोजन को विशेष पहचान दी। इस उपलब्धि को जौनपुर और पूरे पूर्वांचल के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story