ब्रह्माकुमारीज ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर बड़े हनुमान मंदिर के प्रांगण में किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
ब्रह्माकुमारीज ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर बड़े हनुमान मंदिर के प्रांगण में किया जागरूक


प्रयागराज, 31 मई (हि.स)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में संगम के बड़े हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से मंदिर प्रांगण में तथा लायंस क्लब के चिकित्सकीय सहयोग से विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन सिटी मजिस्ट्रेट विनोद सिंह ने किया तथा पूर्व सांसद केसरी देवी पटेल ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में लोगों को ब्रह्माकुमारीज के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत तम्बाकू सहित अन्य व्यसनों के कारण, निवारण एवं दूरगामी परिणामों के बारे में बताया गया। इच्छुक व्यक्तियों को चिकित्सा सहयोग भी दिया गया। ब्रह्माकुमारीज के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक आदि के द्वारा भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। साथ ही लोगों को वैल्यू गेम्स द्वारा नशे से दूर रहने तथा राजयोग द्वारा नशा मुक्त जीवन जीने के बारे में भी बताया गया।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज की क्षेत्रीय निर्देशिका मनोरमा दीदी ने प्रदर्शनी का संचालन किया तथा बताया कि प्रयागराज में ब्रह्माकुमारी से जुड़े हजारों सदस्यों में एक व्यक्ति भी किसी प्रकार के मादक द्रव्यों का सेवन नहीं करता। यदि कोई भी व्यक्ति राजयोग का नियमित अभ्यास करता है तो वह नशे से दूर रहता है तथा यदि पहले से किसी नशे का सेवन करता भी है तो आसानी से छोड़ सकता है। मंदिर प्रांगण में उपस्थित हजारों की संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर व्यसन मुक्त जीवन जीने का प्रण लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story