विश्व धरोहर दिवस : राष्ट्रीय विरासतों के संरक्षण की आवश्यकता
प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स)। क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई प्रयागराज, उ.प्र. राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा विश्व धरोहर दिवस के अन्तर्गत आज राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, कटरा में विविध शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अन्तर्गत राज्य संरक्षित स्मारकों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी, अभिलेख प्रदर्शनीय ”हमारी धरोहर“ विषयक चित्रकला प्रतियोगिता तथा ”राष्ट्रीय विरासतों के संरक्षण की आवश्यकता एवं महत्ता“ विषयक व्याख्यान का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में लहुरादेवा, मलहर, जाजमऊ, बनरसिया कलां, राजधानी टीला, सोनिक के पुरातात्विक अवशेषों तथा शैलोत्कीर्ण अवशेष देवगढ़, ललितपुर, आस्तिक बाबा मन्दिर, सीतापुर, चुनार दुर्ग, सोनवा मण्डप, मीरजापुर, मुखादरी, कौआखोह, लखनिया दरी के शैलचित्र, सोनभद्र, गंगोली शिवाला, प्रयागराज, कुसुमवन सरोवर, मथुरा, बटेश्वर मन्दिर समूह, आगरा, कर्दमेश्वर महादेव मन्दिर, वाराणसी, कौशाम्बी के उत्खनित अवशेष, कौशाम्बी, रसिक बिहारी मन्दिर, फतेहपुर, सोमनाथ मन्दिर चर, चित्रकूट आदि के छायाचित्र प्रदर्शित किये गये। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय अभिलेखागार द्वारा स्वाधीनता संग्राम से सम्बन्धित विविध अभिलेखों को भी प्रदर्शित किया गया।
व्याख्यान में मुख्य वक्ता दयानन्द चौहान, पूर्व बन्दोबस्त अधिकारी ने विश्व धरोहर दिवस मनाये जाने के कारण, महत्व तथा इतिहास पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी प्रयागराज अपराजिता सिंह ने ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण तथा पर्यटन विकास की दृष्टि से उनके महत्व एवं प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज की प्रधानाचार्या शशि बाला चौधरी ने ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन की महत्ता एवं आवश्यकता की बात कही। वरिष्ठ व कनिष्ठ वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र तथा विजेताओें को पुरस्कार व प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
प्रधानाचार्या ने बताया कि अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी प्रयागराज डॉ. सुभाष चन्द्र यादव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राकेश वर्मा, क्षेत्रीय अभिलेखागार तथा कार्यक्रम का संचालन वन्दना मिश्रा प्रवक्ता, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज ने किया। इस अवसर पर बीना गौतम, मुदिता श्रीवास्तव, प्रियंका सिंह, कल्पना देवी, नित्या जायसवाल, रूबि मिश्रा, ज्योति मालवीया, अल्पना सहाय, मनीषा प्रकाश, सीमा चौधरी, प्रमिला मौर्या, निर्भय प्रजापति, दुर्गा प्रसाद, मुद्रिका प्रसाद, शुभम कुमार, सुशील कुमार, पूजा सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अध्यापक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

