शहर में विश्व स्तरीय सार्वजनिक परिवहन सिस्टम बनाएगा कानपुर मेट्रो

WhatsApp Channel Join Now
शहर में विश्व स्तरीय सार्वजनिक परिवहन सिस्टम बनाएगा कानपुर मेट्रो


कानपुर, 17 सितम्बर (हि.स.)। कानपुर मेट्रो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रविवार को गुरूदेव चौराहा स्थित मेट्रो डिपो में भगवान विश्वकर्मा की पूजा का आयोजन किया। इस अवसर पर मेट्रो के इंजीनियर्स और स्टाफ ने सृजन के देवता माने जाने वाले भगवान विश्वकर्मा की श्रद्धापूर्वक अराधना की और शहर में विश्व स्तरीय सार्वजनिक सिस्टम बनाने की कामना की गई।

कानपुर मेट्रो का सिविल निर्माण कार्य 15 नवंबर 2019 को शुरू हुआ था और महज दो वर्ष और 1.5 महीने में 28 दिसंबर 2021 को इसके कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी से मोतीझील) पर यात्री सेवाओं का शुभारंभ कर दिया गया। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन यानी बचे हुए भाग पर निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। आज विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की अर्चना कर शहर और प्रदेश में चल रही विभिन्न मेट्रो परियोजनाओं के समय से पूरा होने तथा प्रदेश में परिवहन क्रांति लाने की कामना की।

उत्तर प्रदेश मेट्रो टीम जनता को अत्याधुनिक सुविधाओं और प्रौद्योगिकी से लैस सर्वश्रेष्ठ मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। यह उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पारेशन (यूपीएमआरसी) के कुशल नेतृत्व तथा कानपुर मेट्रो के इंजीनियरों की मेहनत का ही नतीजा है कि शहर में मेट्रो के प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी से मोतीझील) का निर्माण समय से पूर्व पूरा किया जा सका। वर्तमान में कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन यानी बचे हुए भाग; चुन्नीगंज-नयागंज भूमिगत सेक्शन, कानपुर सेंट्रल-ट्रांसपोर्टनगर भूमिगत सेक्शन और बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन पर निर्माण कार्य तेज गति से बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/महमूद/पदुम नारायण

Share this story