धर्म और कर्तव्य के संगम से नतमस्तक होती है दुनिया: योगी आदित्यनाथ

मुजफ्फरनगर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धर्म का नाम आते ही कुछ लोग आलोचना की मुद्रा में आ जाते है, लेकिन धर्म आपको कर्तव्य के मार्ग पर चलने की सीख देता है। सबके कल्याण के लिए प्रेरित करता है। यही कारण है कि जब धर्म और कर्तव्य का संगम होता है तो दुनिया झुक जाती है।
मुजफ्फरनगर जनपद की तहसील खतौली में ग्राम तुलसीपुर स्थित शिव गोरखनाथ मंदिर में गुरुवार को चल रहे 32 मान भंडारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे और मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण सनातन धर्म का आधार है। सनातन धर्मावलम्बी सिर्फ मनुष्य के विकास और कल्याण की बातें नहीं करता अपितु वह जीव-जन्तु से लेकर पेड़-पौधों तक के कल्याण की चाह रखता है। राष्ट्र के विकास के लिए धर्म और कर्तव्य दोनों जरूरी है।
कार्यक्रम के आयोजक योगी संध्यानाथ ने बताया कि यह तीन दिवसीय बत्तीस मान भंडारा बुधवार से शुरू हुआ है और शुक्रवार की सायं तक चलेगा। देश भर में नाथ संप्रदाय के बत्तीस मान हैं। इन तीन दिनों में देश भर से आये योगी समाज का लेखा जोखा रखा जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाथ संप्रदाय में योगी महासभा के सभापति हैं। उन्हें इस आयोजन हेतु आमंत्रित किया गया था। इस आयोजन में पधार कर मुख्यमंत्री ने इस मंदिर में पूजा अर्चना करके नाथ संप्रदाय का मान रखा है।
इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक योगी संध्यानाथ, केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव कुमार बालियान, प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल, एडीजी राजीव सभरवाल, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, एसएसपी संजीव सुमन, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, जिलाध्यक्ष भाजपा विजय शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/आकाश
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।