एसआईआर के कार्य में कार्यकताओं को सैनिक की तरह जुटना होगा : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के कार्य में कार्यकताओं को सैनिक की तरह जुटना होगा : प्रकाश पाल


कानपुर, 01 दिसंबर (हि.स.)। चार दिसंबर तक सभी जिलों में गहन मतदाता पुनरीक्षण के गणना प्रपत्र पूरी तरह से भरकर जमा करा दिए जाएं। प्रत्येक कार्यकर्ता को एक सैनिक की भांति इस कार्य में जुटना है, क्योंकि यह अभियान सिर्फ संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त करने का राष्ट्रीय कर्तव्य है। यह बातें सोमवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर आज क्षेत्रीय मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की। बैठक में क्षेत्र के सभी 17 जिलों के प्रभारी, प्रवासी एवं क्षेत्रीय टोली के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश पाल ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिलों में गणना प्रपत्र जमा हो चुके हैं, वहां भाजपा द्वारा विशेष अभियान चलाकर घुसपैठियों की पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्र को सुरक्षित रखना है, तो घुसपैठियों की पहचान और उन्हें मतदाता सूची से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। यह सुनिश्चित करें कि आपके जिले में केवल पात्र नागरिक ही मतदाता सूची में पंजीकृत हों।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि जिस बूथ पर चार दिसंबर तक सौ प्रतिशत गणना प्रपत्र जमा हो जाएंगे, उन बूथों के बीएलओ एवं बीएलए-2 को भाजपा द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन बूथ कर्मियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास है जो पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में सुनील तिवारी, पूर्व विधायक केके सचान, वीरेंद्र तिवारी, पवन पांडेय, जितेंद्र सचान, आलोक शुक्ला, रश्मि श्रीवास्तव, शोभा श्रीवास्तव, मलय पांडेय, रामू चंदेल सहित क्षेत्रीय टोली के सभी सदस्य सम्मिलित रहे।

बैठक में क्षेत्र के सभी 17 जिलों की प्रगति रिपोर्टों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आगामी चरणों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना निर्धारित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story