समाज और विकास की रीढ़ हैं श्रमिक : जिलाधिकारी
जौनपुर, 01 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को निर्माणाधीन जिला कारागार रसैना में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में श्रमिकों के हितार्थ जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को सराहा गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने करीब 50 महिला एवं पुरुष श्रमिकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही उन्हें फल वितरित किए गए और बच्चों को चॉकलेट दी गई। श्रमिकों के सम्मान में विशेष रूप से सार्वजनिक भोज का भी आयोजन किया गया तथा इस दिन उन्हें कार्य से अवकाश प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने श्रमिकों को श्रमिक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि श्रमिक समाज और विकास की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से ही निर्माण कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ हर श्रमिक तक पहुंचे, इसके लिए सभी को श्रम विभाग में पंजीकरण कराना आवश्यक है। उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिक पंजीकरण कैंप एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव ने श्रमिकों को विभागीय योजनाओं से अवगत कराते हुए पंजीकरण कराने की अपील की।इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, जेल अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

