फैक्ट्री में कामगार की मौत, ड्यूटी पर जाने से पहले बिगड़ी तबीयत
कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र स्थित तार बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार को एक कामगार की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बर्रा पांच निवासी विजय (49) करीब 10 वर्षों से सचेण्डी स्थित तार फैक्ट्री में काम कर रहे थे। वह फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में ही रहते थे। उनके छोटे भाई अजय के मुताबिक, विजय की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। वह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
काफी देर तक विजय के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर साथी कर्मचारी उन्हें देखने कमरे पर पहुंचे। वहां विजय बेहोशी की हालत में मिले। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी और उन्हें तत्काल कल्याणपुर स्थित सीपीसी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद विजय को मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि फैक्ट्री में काम करने वाले कामगार की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

