लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव अपने आवंटित गांव में रहकर ग्राम सचिवालय से कार्य करें : मंडलायुक्त
मुरादाबाद, 01 सितंबर (हि.स.)। पंचायत भवन सभागार में मंगलवार को जनपद के लेखपालों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम पंचायतों के लिए नामित नोडल अधिकारियों की विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंगलवार काे कहा कि ग्राम की समस्याओं का समाधान ग्राम स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए। लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव अपने आवंटित गांव में रहकर ग्राम सचिवालय से कार्य करें और ग्रामीणों से निरंतर संवाद बनाए रखें।
मंडलायुक्त ने आगे कहा कि ग्राम की समस्या यदि जिला स्तर तक पहुंचती है तो इसे संबंधित ग्राम स्तरीय कर्मचारी के दायित्वों के निर्वहन में कमी के रूप में देखा जाएगा। उन्होंने गांव की सभी सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि का निरीक्षण, चिन्हांकन एवं अतिक्रमणमुक्त कराने के निर्देश दिए। ग्रामकुल के साथ न्याय पंचायत एवं विकासखंड-तहसील स्तर पर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने तकनीक के माध्यम से सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया। उन्होंने सचिव एवं लेखपाल को आपसी समन्वय से गांव में सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निरंतर सीखने, कार्यों की प्राथमिकता तय करने तथा अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने “श्रीजी” मॉडल का उल्लेख करते हुए भविष्य में मंडल में राजस्व मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता एवं गंभीरता के आधार पर प्रभावी बनाने की बात कही।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि गांव को आदर्श गांव बनाने के लिए ग्राम स्तरीय अधिकारियों का ग्रामीणों के बीच रहना आवश्यक है। लेखपाल एवं सचिव नगरीय संस्कृति छोड़कर अपने आवंटित गांवों में रात्रि विश्राम करें और ग्रामीणों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। ग्राम चौपालों का उद्देश्य भी गांव की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, जॉइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, समस्त एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

