सांसद रवि किशन करेंगे ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 का उद्घाटन, भव्य आयोजन का पोस्टर लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
सांसद रवि किशन करेंगे ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 का उद्घाटन, भव्य आयोजन का पोस्टर लॉन्च


सांसद रवि किशन करेंगे ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 का उद्घाटन, भव्य आयोजन का पोस्टर लॉन्च


गोरखपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। अग्रवाल महिला मंडल, गोरखपुर की ओर से 4 जुलाई को सुबह 11 बजे विजय चौक स्थित एडी मॉल के सरोवर पोर्टिको सभागार में ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित मेले का उद्घाटन सुप्रसिद्ध अभिनेता एवं गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का समापन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन करेंगी।

गुरुवार को होटल सरोवर पोर्टिको में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मेले का आकर्षक पोस्टर लॉन्च कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार का तीज मेला खरीदारी, संस्कृति, स्वाद और मनोरंजन का अनूठा संगम होगा, जहां शहरवासियों के लिए पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहेगा।

मंडल की अध्यक्ष शोभा अग्रवाल ने कहा कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और महिलाओं के उत्साह का प्रतीक पर्व है। अग्रवाल महिला मंडल का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक मेल-मिलाप, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक आनंद को एक मंच पर लाना है। उन्होंने बताया कि मेले में हर आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं।

संस्थापिका अध्यक्ष सुधा मोदी ने कहा कि अग्रवाल महिला मंडल वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त मंच प्रदान करता आ रहा है। हरियाली तीज मेला उसी परंपरा का विस्तार है, जहां संस्कृति, मनोरंजन और पारिवारिक सहभागिता का सुंदर समागम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह का उत्सव है तथा इसे यादगार बनाने के लिए सभी सदस्याएं पूरे समर्पण के साथ तैयारियों में जुटी हैं।

मंडल की सचिव मिताली जालान ने बताया कि मेले में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। महिलाओं के लिए विशेष शॉपिंग जोन, बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा आगंतुकों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई हैं।

कार्यक्रम समन्वयक प्राची जैन ने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंच पर तीज की पारंपरिक झलक लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पूरे सभागार को हरियाली तीज की थीम पर सजाया जाएगा, जिससे आगंतुकों को पारंपरिक उत्सव का मनमोहक वातावरण महसूस होगा।

दीपाली अग्रवाल ने बताया कि मेले में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय महिला उद्यमियों को भी विशेष मंच दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।

रीता अग्रवाल ने कहा कि आगंतुकों के लिए पारंपरिक व्यंजनों के साथ आधुनिक फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे। परिवार के सभी सदस्य खरीदारी, स्वाद और मनोरंजन का भरपूर आनंद उठा सकेंगे।

एडिटर साधना अश्विनी अग्रवाल एवं समता अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सहभागिता, भारतीय संस्कृति और पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में हरियाली तीज मेले में शामिल होकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की।

प्रेसवार्ता के दौरान शालिनी अनुराग, मंजू अग्रवाल, रश्मि बंका सहित मंडल की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story