महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, साइबर अपराध छिपाएं नहीं, तुरंत शिकायत करें : पुलिस आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, साइबर अपराध छिपाएं नहीं, तुरंत शिकायत करें : पुलिस आयुक्त


कानपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण उत्तर प्रदेश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के साइबर अपराध या उत्पीड़न को छिपाने के बजाय तत्काल शिकायत करें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह बातें गुरुवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहीं।

कमिश्नरेट कानपुर नगर की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित 'शक्ति संवाद' कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिले की 200 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें शिक्षिकाएं, अधिवक्ता, चिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, काउंसलर, गृहिणियां और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाओं और युवतियों के लिए आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन उत्पीड़न अथवा अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए 'साइलेंट क्राइम' विषय पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल ब्लैकमेलिंग, फर्जी निवेश, साइबर स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल गिरफ्तारी जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं महिला अपराध प्रकोष्ठ की प्रभारी सेहा तिवारी ने मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा कानूनों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 14416 के बारे में भी जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में महिलाओं को जागरूकता पुस्तिकाएं और प्रचार सामग्री वितरित की गई। अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी प्रतिभागियों से अपने परिवार और समाज में महिला सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story