जहरीला पदार्थ खाकर महिला थाने पहुंचा पति, हालत बिगड़ी

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पत्नी को मायके से साथ ले जाने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया और समझौते के लिए महिला थाने पहुंच गया। थाने में कुछ देर बैठने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने पूछताछ की तो युवक ने जहर खाने की बात बताई। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के पथरी गांव निवासी 24 वर्षीय रामबहादुर पुत्र जवाहर लाल ने बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले शहर के क्योटरा मोहल्ला निवासी रीना से प्रेम विवाह किया था। इन दिनों रीना अपने मायके में रह रही थी। रामबहादुर दो दिन पहले पत्नी को लेने उसके मायके पहुंचा था, लेकिन रीना उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई।

बुधवार सुबह दोबारा साथ चलने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रामबहादुर ने पत्नी को दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक के मुताबिक वह बेटी को गोद में लेकर जेल चौकी और संकट मोचन पुलिस चौकी भी गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह प्रार्थना पत्र लेकर समझौते के लिए महिला थाने पहुंच गया।

इसी दौरान उसकी पत्नी रीना भी महिला थाने पहुंच गई। दोनों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी रामबहादुर की हालत बिगड़ गई। महिला थाना प्रभारी मोनी निषाद ने बताया कि जब उससे पूछताछ की तो उसने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story