देवरिया : मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया


देवरिया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत देवरिया जनपद में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में मंगलवार को विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।

थाना रुद्रपुर क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम ने दुर्गेश्वरनाथ मंदिर परिसर में पहुंचकर महिलाओं, बच्चियों एवं छात्राओं को पंपलेट वितरित किए। टीम में उपनिरीक्षक शिवम तिवारी सहित पुलिसकर्मियों ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों - डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।

इसी क्रम में थाना मदनपुर की टीम ने एसबीआई बैंक महेन तथा थाना रामपुर कारखाना की टीम ने कस्बा क्षेत्र में महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षा संबंधी उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को पंपलेट वितरित किए गए और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।

पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story