महिला आरक्षण का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ महिलाओं का धरना 11 मई से

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ महिलाओं का धरना 11 मई से


जौनपुर,10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तहत लोकसभा एवं राज्य में विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण लागू किए जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेता पंकज मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा में लाए गए विधेयक का समाजवादी पार्टी(सपा), कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए विरोध किया था।

उन्होंने रविवार को कहा कि विपक्षी दलों का यह रुख महिला अधिकारों और महिला सशक्तिकरण के खिलाफ है, जिससे देशभर की महिलाओं में कांग्रेस, सपा तथा अन्य विपक्षी दलों के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

पंकज मिश्रा ने बताया कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले दलों के खिलाफ महिलाओं द्वारा क्रमिक धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह धरना कार्यक्रम 11 मई से 15 मई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कृषि भवन के बगल स्थित लोहिया पार्क में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से इस कार्यक्रम में शामिल होकर महिला सम्मान और अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story