नारी सम्मान से समझौता नहीं, पदयात्रा के जरिए महिलाओं की आवाज होगी बुलंद : शिवराम सिंह
कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। नारी सशक्तिकरण अधिनियम महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। लेकिन विपक्ष द्वारा इसका विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है, भाजपा की महिलाएं पदयात्रा के माध्यम से घर-घर जाकर जनजागरण करेंगी और नारी सम्मान पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महिलाओं में बढ़ते आक्रोश के बीच भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण की महिलाएं पदयात्रा निकालकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करेंगी। इस संबंध में आज जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की।
मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि बैठक में पदयात्रा की रूपरेखा, मार्ग, तिथि और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदयात्रा के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने और नारी सम्मान के मुद्दे पर जनसमर्थन जुटाने की रणनीति तैयार की गई।
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि महिला शक्ति के जागरण का प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की महिलाएं संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगी और विपक्ष की नीतियों का विरोध करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले की महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को नारी सशक्तिकरण के महत्व के बारे में जागरूक करेंगी और समाज में सकारात्मक संदेश देंगी।
बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, अर्जुन बेरिया, जितेंद्र सचान, अनीता त्रिपाठी, मधु तिवारी, विक्की मूरजानी, तेज बहादुर, पप्पू पंडित, हर जीवन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

