महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति रहें जागरूक : शिवानी यादव
कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करना चाहिए। जागरूकता और आत्मविश्वास से ही महिलाएं खुद को सुरक्षित रख सकती हैं। यह बातें सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर में सब-इंस्पेक्टर शिवानी यादव ने कहीं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के पांचवें दिन विभिन्न शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक उपयोग से पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अनियंत्रित प्रयोग मिट्टी, जल और जैव विविधता को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इसके प्रयोग में सावधानी बरतना आवश्यक है।
इसके बाद प्राकृतिक खेती और नर्सरी प्रबंधन जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई, जिसमें विद्यार्थियों को पर्यावरण के अनुकूल खेती पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा की गई और लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। वक्ताओं ने कहा कि इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने भी विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक विषयों पर अपने विचार साझा किए और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस दौरान डॉ. सर्वेश कुमार, डॉ. उमा नाथ शुक्ला, डॉ. वी.के. त्रिपाठी, सब-इंस्पेक्टर शिवानी यादव, सब-इंस्पेक्टर किशन, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. संघमित्रा मोहापात्रा, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. प्रेम कुमार, डॉ. विकास सिंह, डॉ. संजय त्रिपाठी, डॉ. सोमेंद्र वर्मा, डॉ. अमन मिश्रा मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

