जीवित्पुत्रिका व्रत के दूसरे दिन महिलाओं ने की जूतियां माता की पूजा

WhatsApp Channel Join Now
जीवित्पुत्रिका व्रत के दूसरे दिन महिलाओं ने की जूतियां माता की पूजा


जौनपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वांचल में आस्था और विश्वास के पर्व जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के दूसरे दिन शनिवार को महिलाओं ने विधि-विधान से जिउतियां माता की पूजा-अर्चना कर निर्जला व्रत शुरू किया। रविवार सुबह पारण के बाद व्रत का समापन होगा।

जीवित्पुत्रिका व्रत को लेकर शनिवार दोपहर से ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। नदी, तालाबों के किनारे और विभिन्न मंदिरों में जूतियां माता की प्रतीकात्मक मूर्तियां स्थापित कर पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। महिलाओं ने पूजा के दौरान परिवार की सुख-शांति तथा पुत्र और पति की दीर्घायु की कामना की।

मान्यता है कि जीवित्पुत्रिका व्रत श्रद्धा और निष्ठा के साथ करने से संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी आस्था के चलते महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला रहकर व्रत रखा और जिउतिया माता की पूजा की। नगर के विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर पर्व मनाया।

रविवार सुबह विधि-विधान से पूजा और पारण के बाद महिलाएं अपना व्रत समाप्त करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story